बीकानेर। सदर थाना पुलिस ने तीर्थम चौराहे के पास एक कार जब्त कर 109 ग्राम एमडी बरामद की है। पुलिस को देखकर कार में सवार लोग भाग गए। सदर पुलिस थाने के एसएचओ रमेश कुमार के नेतृत्व में टीम तीर्थम चौराहे पर तैनात थी। इस दौरान संदिग्ध कार वहां पहुंची। सामने पुलिस जाब्ते को देख कार चालक और उसका साथी सलमान हड़बड़ा गए और गाड़ी को वहीं बीच सड़क पर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने लावारिस हालत में मिली कार की तलाशी ली तो उसमें से 109.77 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है।
सदर पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जेएनवीसी थाने के एसएचओ देवेंद्र सिंह करेंगे। पुलिस अब फरार कार चालक व उसके साथी सलमान के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि यह ड्रग्स कहां से लाई गई थी और शहर में किसे सप्लाई की जानी थी।



















