बीकानेर। देशनोक थाना क्षेत्र के सुरधना गांव में मारपीट की घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस मुकदमे दर्ज करवाए गए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पहले मामले में कालूराम पुत्र बद्रीराम मेघवाल निवासी सुरधना ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि रामूराम, सुनील, नरेश, प्रकाशचंद और रेवंतराम ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि लाठी-डंडों से किए गए हमले में उसके दोनों पैरों और एक हाथ में गंभीर चोटें आईं।
वहीं, दूसरे पक्ष के रामलाल पुत्र मूलाराम मेघवाल ने आरोप लगाया कि कालूराम ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा शर्ट की जेब में रखे 10,330 रुपये जबरन निकाल लिए। रिपोर्ट में जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। देशनोक थाना पुलिस ने दोनों मामलों की जांच सब इंस्पेक्टर चरण सिंह को सौंपी है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।




















