बीकानेर। जिले के सेरूणा क्षेत्र में ट्रैक्टर के पीछे ट्रॉली जोड़ते समय हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा 17 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, सेरूणा निवासी राजू सिंह पुत्र मालू सिंह राजपूत ने रिपोर्ट दी कि उसका भतीजा वीरेंद्र सिंह पुत्र भानी सिंह अपने घर पर ट्रैक्टर के पीछे ट्रॉली जोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह वीरेंद्र सिंह के ऊपर जा गिरी।
हादसे में वीरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे उपचार के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग दर्ज किया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।



















