बीकानेर। QR कोड स्कैन करके पेमेंट लेने वाले दुकानदार जरूर करें जांच, असली QR कोड के ऊपर दूसरा QR कोड चिपकाकर भुगतान दूसरे खाते में मंगवाने की आशंका।
अगर आप भी अपनी दुकान पर QR कोड लगाकर ग्राहकों से ऑनलाइन पेमेंट लेते हैं, तो सावधान हो जाइए! आपकी दुकान पर लगा QR कोड ही आपके लिए परेशानी का कारण बन सकता है। बीकानेर में QR कोड के जरिए भुगतान से जुड़ी साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें ग्राहक द्वारा पेमेंट करने के बावजूद दुकानदार के खाते में पैसे नहीं पहुंचने की शिकायत की गई है।
मामला कोयला गली के दुकानदार राजकुमार गहलोत से जुड़ा है। उन्होंने कोटगेट थाने में शिकायत देकर बताया कि 27 अक्टूबर को उनकी दुकान पर एक ग्राहक सामान खरीदने आया और दुकान पर लगे QR कोड को स्कैन करके भुगतान किया। लेकिन जब दुकानदार ने अपना बैंक खाता चेक किया तो उसमें पैसे नहीं आए।
ग्राहक के मोबाइल में ट्रांजैक्शन की रसीद देखने पर पता चला कि भुगतान दुकानदार के खाते में जाने के बजाय रमजान नाम के व्यक्ति के Paytm खाते में चला गया।
दुकानदार को आशंका हुई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने दुकान पर लगे वास्तविक QR कोड के ऊपर अपना QR कोड चिपका दिया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, बाजार के अन्य व्यापारियों के साथ भी इसी तरह की घटनाओं की जानकारी सामने आई है।
इस मामले में राजकुमार गहलोत ने कोटगेट थाने में शिकायत देकर FIR दर्ज करने, CCTV फुटेज खंगालने और संबंधित Paytm खाते की जांच करवाने की मांग की है।
बीकानेर के सभी व्यापारी अभी ये सावधानियां जरूर बरतें
– अपनी दुकान पर लगे QR कोड को तुरंत चेक करें कि उसके ऊपर कोई दूसरा QR स्टिकर तो नहीं चिपकाया गया है।
– QR कोड स्कैन करके खुद भुगतान की जांच करें और देखें कि स्क्रीन पर किस व्यक्ति या व्यापारी का नाम दिखाई दे रहा है।
– केवल ग्राहक के मोबाइल पर पेमेंट सक्सेसफुल देखकर सामान न दें, अपने बैंक या पेमेंट ऐप में रकम आने की पुष्टि जरूर करें।
– QR कोड को ऐसी जगह लगाएं जहां उस पर आसानी से कोई दूसरा स्टिकर न चिपका सके।
– समय-समय पर अपने QR कोड और उससे जुड़े पेमेंट अकाउंट की जांच करते रहें।
हमारा बीकानेर की खास अपील: बीकानेर के सभी दुकानदार इस खबर को गंभीरता से लें और अपने आसपास के व्यापारियों को भी जागरूक करें। थोड़ी सी सावधानी आपको आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।




















