बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भामाशाहों, शहर की प्रतिभाओं और कला-संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं के सम्मान की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सम्मान समारोह आयोजित किया । समारोह में सामाजिक, सांस्कृतिक, चिकित्सा, शिक्षा एवं कला के क्षेत्र में बीकानेर का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया ।
समारोह की अध्यक्षता सेन्ट्रल जेल अधीक्षक अभिषेक शर्मा ने की। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र वर्मा मुख्य अतिथि रहे । एडवोकेट अजय पुरोहित, वरिष्ठ उद्योगपति रामकिशन पेडीवाल, मानक चंद अग्रवाल, गौरीशंकर किराडू एवं मानकचंद चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे । बीकानेर जिला उद्योग संघ की ओर से श्रीमती सी. एम. मूंधड़ा मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई के ट्रस्टी श्रीकिशन मूंधड़ा का विशेष रूप से स्वागत किया गया । मूंधड़ा परिवार एवं ट्रस्ट की ओर से बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में 527 बेड की अत्याधुनिक मेडिसिन विंग की सौगात देने के लिए उनका अभिनंदन किया गया ।
भामाशाह श्रीकिशन मूंधड़ा ने कहा कि बीकानेर की धरती से उनका भावनात्मक जुड़ाव है और समाज से जो मिला है, उसे समाज को लौटाना ही सेवा का उद्देश्य है । चिकित्सा जैसी मूलभूत आवश्यकता के क्षेत्र में सहयोग करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है । उन्होंने कहा कि मेडिसिन विंग का लाभ बीकानेर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी मिलेगा ।
बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि उद्योग संघ की जिम्मेदारी केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है । शहर के विकास में योगदान देने वाले भामाशाहों, प्रतिभाओं, कलाकारों और समाजसेवियों का सम्मान करना भी हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है । उन्होंने कहा कि बीकानेर की प्रतिभाओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है और उनका सम्मान करना पूरे शहर का सम्मान है । उन्होंने कहा कि श्रीकिशन मूंधड़ा एवं उनके परिवार द्वारा पीबीएम अस्पताल में 527 बेड की मेडिसिन विंग का निर्माण करवाना बीकानेर के लिए ऐतिहासिक योगदान है। ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं ।
समारोह अध्यक्ष सेन्ट्रल जेल अधीक्षक अभिषेक शर्मा ने कहा कि किसी भी शहर की वास्तविक ताकत वहां की प्रतिभाओं और समाजसेवियों में होती है । जब समाज अपने प्रतिभाशाली लोगों और भामाशाहों को सम्मान देता है तो इससे अन्य लोगों को भी समाजहित में आगे आने की प्रेरणा मिलती है । उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया ।
मुख्य अतिथि सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार में सरकार के प्रयासों के साथ भामाशाहों और सामाजिक संस्थाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। पीबीएम अस्पताल में 527 बेड की मेडिसिन विंग जैसी सुविधा मरीजों के लिए बड़ी सौगात है। मूंधड़ा परिवार से प्रेरित होकर समाज के सक्षम लोगों को शिक्षा और चिकित्सा जैसे क्षेत्रों में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट अजय पुरोहित ने बताया कि बीकानेर जिला उद्योग संघ अब केवल औद्योगिक विकास तक ही सीमित नहीं रहा अब सामाजिक, कला, संगीत के क्षेत्र में काम करने वाली प्रतिभाओं के उन्नयन में भी अपनी विशेष भागीदारी निभा रहा है |
समारोह में बीकानेर की प्रसिद्ध उस्ता कला को देश-दुनिया में पहचान दिलाने वाले राम भादाणी का भी सम्मान किया गया। साथ ही चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले रमेश हुरकट एवं डॉ. जितेन्द्र आचार्य का भी सम्मान किया गया। वहीं संगीत के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली स्वर सम्राज्ञी दीपिका खुडिया, मशहूर गायक एम रफीक कादरी व चित्रकारी कला के क्षेत्र में भरतराज का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष अशोक सुराणा, नरेश मित्तल, श्यामसुन्दर सोनी, अनंतवीर जैन, प्रमोद देवड़ा, सुरेन्द्र जैन, वीरेंद्र किराडू, सुरेन्द्र बांठिया, हरिगोपाल उपाध्याय, सलीम सोढा, हरीकिशन गहलोत, राजकुमार पचीसिया, अशोक गहलोत, चंद्रप्रकाश नौलखा, किशनलाल बोथरा, शिवरतन पुरोहित, निर्मल पारख, दिलीप रंगा, राजाराम सारडा, रूपचंद अग्रवाल, अश्विनी पचीसिया, विजय चांडक, चंद्रकांत नाहटा, पवन शर्मा, संजय गोयल, नरेश अग्रवाल, किरणचंद झंवर, किशन मूंधड़ा, प्रशांत राठी, अरविन्द चौधरी, मोहित करनानी, विनोद जोशी, रामस्वरूप, मांगीलाल सुथार, के के मेहता, विमल दम्माणी, पूनम प्रजापत, प्रियांशु डागा. विनोद गोयल, दाऊलाल खुडिया, सुरेश पेडिवाल, रघुवीर झंवर, रोहन चावला, प्रियांशु डागा, संदीप मुसरफ सहित अनेक उद्यमी उपस्थित हुए |























