बीकानेर। राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार (24) को 2 जिलों बांसवाड़ा और डूंगरपुर में भारी बारिश का रेड अलर्ट हैं। वहीं, 9 जिलों में ऑरेंज और अन्य में यलो अलर्ट है। शुक्रवार सुबह से अलवर, राजसमंद सहित कई जिलों में रुक-रुककर बरसात हो रही है। वहीं, महाराष्ट्र और गुजरात में तेज बरसात का असर राजस्थान के रेलवे ट्रैफिक पर हुआ है। मुंबई रूट की 3 ट्रेनों को कैंसिल किया गया है। इससे पहले गुरुवार को बाड़मेर, जालोर, सिरोही, उदयपुर, जैसलमेर, पाली, भीलवाड़ा सहित कई जिलों में भारी बारिश हुई। भीलवाड़ा के रायपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बिजली गिरने से नाना-दोहिती की मौत हो गई। वहीं, उदयपुर के लसाड़िया में 24 घंटे में 11 इंच से ज्यादा पानी बरसा। मौसम विभाग के अनुसार 27 जुलाई तक तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। भारी बारिश से राजस्थान में जनजीवन पर भी असर दिखना शुरू हो गया। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, ब्यावर, भीलवाड़ा, उदयपुर समेत कई इलाकों में खेत जलमग्न हो गए। डूंगरपुर में सोम और माही नदियां उफान पर हैं। पानी भरने, बरसाती नदियां चलने और पुलिया ढहने से गांवों और छोटे कस्बों के रास्ते बंद हो गए हैं।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राजस्थान में वर्तमान में तीन अलग-अलग सिस्टम एक्टिव हैं, जिसके असर से अगले चार दिन पूरे राजस्थान में बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी राजस्थान पर एक शियर जोन (डायवर्जन) बन गया है, जिसमें पश्चिम से आने वाली और पूर्व (बंगाल की खाड़ी) से आने वाली हवा डायवर्ट हो रही है। इन सभी सिस्टम के असर से राज्य में अगले चार दिन मानसून पूरी तरह एक्टिव रहने की संभावना है। विभाग की और से बीकानेर सहित अन्य जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।






















