बीकानेर। शहर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में राजीव नगर में दुकान में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। खुलासा को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार परिवादी बुलाराम पुत्र तुलसीराम निवासी राजीव नगर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि आरोपियों ने उसकी दुकान में जबरन प्रवेश किया। इसके बाद उसकी पत्नी, पुत्री और भतीजे के साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने दुकान और घर के बाहर लगे बिजली मीटर को भी तोड़ दिया।
परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बजरंग, मगराम के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, धमकी देने और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल संजय कुमार कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।






















