बीकानेर। श्रीकोलायत क्षेत्र के डेह गांव में देर रात हुई बड़ी चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। अज्ञात चोर एक मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, डेह गांव निवासी मोहन सिंह पुत्र बालू सिंह राजपूत के मकान में देर रात चोर छत के रास्ते दाखिल हुए। बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे से 3 बजे के बीच चोरों ने वारदात को अंजाम दिया और घर में रखी नकदी व कीमती आभूषण समेटकर फरार हो गए।
सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। इसके बाद चोरी का पता चलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। एएसआई लखपत सिंह के नेतृत्व में पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।



















