नोखा क्षेत्र के कुचौर गांव में बिजली लाइन ठीक करने के दौरान करंट लगने से बिजली विभाग के एक ठेकाकर्मी सहित तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में तीनों के हाथ-पैर झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजली विभाग का एक ठेकाकर्मी लाइन की मरम्मत के लिए मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान पास में मौजूद चाचा-भतीजा उसकी मदद कर रहे थे। काम के दौरान अचानक तीनों करंट की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों की पहचान अनुज, मनोज और सांवलाल के रूप में हुई है। तीनों का पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है।
घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि करंट किस परिस्थिति में लगा। संबंधित विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं।



















