बीकानेर। जसरासर थानाक्षेत्र में निजी स्कूल बस से कुचलकर मासूम की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार विवेकानंद विद्या आश्रम स्कूल, कातर की बस के चालक उत्तमाराम नायक को मामले में गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि 1 जुलाई को दोपहर के समय स्कूल बस से उतरते वक्त छात्र शौर्य जागीड़ का बैग बस में फंस गया था। आरोप है कि चालक ने लापरवाही बरतते हुए बस आगे बढ़ा दी, जिससे बच्चा बस के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों और परिजनों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी बस चालक उत्तमाराम नायक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



















