बीकानेर। जसरासर क्षेत्र के कुचोर अगुणी गांव में एक घर और दुकान के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़कर दो युवक मकान में घुस गए। इस मामले में पुलिस ने एक नामजद सहित दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुचोर अगुणी निवासी राम कुमार जाट ने पुलिस को बताया कि उनके घर और दुकान के गेट पर चार सीसीटीवी कैमरे लगे थे। 4 सितंबर की रात करीब 2:22 बजे दो युवक वहां पहुंचे और तीन कैमरे तोड़ दिए। इसके बाद वे गेट खोलकर मकान में घुस गए। सिटीगाइड खोजें
घर में आवाज सुनकर राम कुमार के पिता की नींद खुल गई। उन्हें जागता देखकर दोनों युवक मौके से भाग गए। भागते समय आरोपियों ने घर पर पत्थर भी फेंके। बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर एक युवक की पहचान गांव के ही दशरथ के रूप में हुई। दूसरे युवक ने अपने चेहरे पर गमछा बांध रखा था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




















