बीकानेर। नगर निगम पार्षद चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों में टिकट वितरण को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी स्तर पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर बैठकों और मंथन का दौर जारी है, वहीं कई वार्डों में टिकट को लेकर दावेदारों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि दोनों प्रमुख दलों ने कुछ वार्डों में अपने संभावित प्रत्याशियों के नाम लगभग तय कर लिए हैं। सूत्रों के अनुसार, कुछ दावेदारों को पार्टी की ओर से फोन कर चुनाव की तैयारियों में जुटने और नामांकन पत्र दाखिल करने की तैयारी करने के संकेत भी दिए गए हैं। ऐसे दावेदार अपने स्तर पर चुनाव प्रचार और समर्थकों से संपर्क में जुट गए हैं।
वहीं दूसरी ओर, इन्हीं वार्डों से पार्टी टिकट की उम्मीद लगाए बैठे अन्य दावेदारों को अभी भी यही बताया जा रहा है कि टिकट को लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है और सभी दावेदार अपना प्रयास जारी रखें। इससे कई दावेदारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है और वे अंतिम सूची का इंतजार कर रहे हैं।
टिकट वितरण को लेकर पार्टी के भीतर चल रही इस कवायद ने चुनावी माहौल को और दिलचस्प बना दिया है। एक तरफ संभावित प्रत्याशी तैयारियों में जुटे हैं, तो दूसरी तरफ टिकट की दौड़ में शामिल अन्य दावेदार आखिरी समय तक अपनी दावेदारी मजबूत करने में लगे हुए हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिन नामों को अंदरखाने हरी झंडी मिल चुकी है, क्या पार्टी की आधिकारिक सूची में भी उन्हीं चेहरों पर मुहर लगेगी? या अंतिम समय में समीकरण बदलेंगे? इसका जवाब भाजपा और कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी सूची जारी होने के बाद ही सामने आएगा।




















