बीकानेर। मौसम विभाग ने राजस्थान के 5 जिलों में शुक्रवार को तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बाकी जिलों में यलो अलर्ट है। शुक्रवार से तीन दिन प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू होगा। बीते 24 घंटे में सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अजमेर सहित कई जिलों में गुरुवार को 2 इंच तक बरसात हुई। कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी तेज बारिश हुई। कोटा, उदयपुर संभाग के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी राजस्थान के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। वहीं पश्चिमी जिलों में वेस्टर्न विंड चलने से गर्मी बढ़ गई। जैसलमेर, बाड़मेर में पारा 40 डिग्री के पार चला गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- मानसून ट्रफ अभी जैसलमेर, कोटा, रायसेन होते हुए डीप-डिप्रेशन सिस्टम से होकर गुजर रही है। डीप-डिप्रेशन सिस्टम अभी छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रहा है, जो धीरे-धीरे पश्चिम दिशा में आगे आ रहा है। इस सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में 5-6 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा। गुरुवार को दिन का सबसे ज्यादा गर्मी जैसलमेर में रही, जहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 40.1, बीकानेर में 39.6, चूरू में 38.2, गंगानगर में 37, फलोदी में 38.8 और जोधपुर में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।























