बीकानेर। जिले के जामसर थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास एक 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक अपनी मोटरसाइकिल सहित रेलवे लाइन के किनारे रास्ते पर गिरा हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, मोलनिया निवासी जेठाराम पुत्र परताराम जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भाई मदन गोपाल (25) पुत्र शिशपाल मेघवाल, निवासी कारा, 29 जुलाई को मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान मदन गोपाल रेलवे लाइन के पास रास्ते पर अपनी मोटरसाइकिल सहित गिरा हुआ मिला। घटना की सूचना तुरंत जामसर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया तथा अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर युवक की मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।























