बीकानेर। शहर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, करणी माता मंदिर के पीछे, बंगला नगर निवासी श्रवण कुमार पुत्र मघाराम जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 23 जुलाई से 25 जुलाई के बीच घर से बाहर था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उसके सूने मकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखी नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए।
घर लौटने पर श्रवण कुमार ने देखा कि मकान के ताले टूटे हुए हैं और घर का सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद उन्होंने मुक्ताप्रसाद नगर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई हनुमान सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।























