बीकानेर। सदर थाना क्षेत्र में एक युवक पर पुलिस का मुखबिर समझकर लोहे के पाइपों से हमला करने का मामला सामने आया है। पीडि़त की रिपोर्ट पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस थाने में परिवाद दिया है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में परिवादी भुट्टों बास निवासी हैदर अली ने बताया कि वह 26 जुलाई की रात करीब 11:15 बजे भुट्टो की मस्जिद के पास खड़ा था। इसी दौरान एक सफेद स्विफ्ट कार वहां आकर रुकी। कार से शौकत उर्फ पोमी पुत्र फज्जे खान, राजू उर्फ हाजी पुत्र उस्मान खां और मांगी पुत्र गेने खां उतरे। आरोप है कि तीनों ने लोहे के पाइपों से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ, कंधे, कमर और पैरों में चोटें आई।परिवादी ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि तीनों आरोपी अवैध नशे के कारोबार से जुड़े हैं और उन्होंने उसे पुलिस का मुखबिर समझकर मारपीट की। जाते समय आरोपियों ने उसे दोबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना स्थल पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने का दावा करते हुए परिवादी ने फुटेज की पेन ड्राइव भी पुलिस को सौंपी है। सदर थाना पुलिस ने परिवाद के आधार पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है






















