बीकानेर, 27 जुलाई। गणेश विहार कॉलोनी, गणेश विहार विस्तार एवं शांतिनाथ आंगन के स्थानीय निवासियों ने आज संयुक्त रूप से विधायक श्री जेठानंद जी व्यास को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनियों को मीठे पेयजल की मुख्य लाइन से जोड़ने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में इन कॉलोनियों में लगभग 2580 TDS वाला पानी सप्लाई हो रहा है, जो पेयजल के लिए उपयुक्त नहीं है। स्थानीय निवासियों द्वारा पानी की जांच कराई गई, जिसकी रिपोर्ट भी विधायक श्री जेठानंद जी व्यास को सौंपी गई। निवासियों ने बताया कि खारे पानी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका बढ़ रही है तथा घरेलू पाइपलाइन, टंकियों एवं अन्य उपकरणों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि गणेश विहार कॉलोनी, गणेश विहार विस्तार एवं शांतिनाथ आंगन में 300 से अधिक परिवार निवास करते हैं, जो लंबे समय से मीठे पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने समाधान के लिए दो व्यवहारिक विकल्प भी सुझाए हैं। पहले विकल्प के अनुसार कॉलोनी को लगभग 330 मीटर दूर स्थित 4 इंच की मुख्य पाइपलाइन से तथा दूसरे विकल्प के अनुसार लगभग 377 मीटर दूर स्थित 3 इंच की मुख्य पाइपलाइन से जोड़ा जा सकता है। नागरिकों का कहना है कि इन दोनों में से किसी भी विकल्प को अपनाकर सभी परिवारों तक नियमित रूप से मीठे पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकती है।
विधायक श्री जेठानंद जी व्यास ने स्थानीय नागरिकों की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित विभाग के अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही कॉलोनियों को मीठे पानी की मुख्य लाइन से जोड़कर सैकड़ों परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे भविष्य में जलजनित बीमारियों एवं अन्य समस्याओं से भी राहत मिलेगी।























