बीकानेर। राजस्थान में मानसून की रफ्तार अब कमजोर हो गई है। मौसम विभाग ने शनिवार को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, डीग, भरतपुर और धौलपुर जिलों में बारिश की उम्मीद जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। बीते 24 घंटे में अलवर श्रीगंगानगर, चूरू में सबसे ज्यादा बारिश हुई। अब 15 जुलाई से मानसून के फिर से तेजी पकड़ने की उम्मीद है। राजस्थान के 24 जिले ऐसे हैं, जहां सामान्य या कम बारिश हुई है। कम बारिश के कारण 34 जिले खरीफ की बुआई में पिछड़ गए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस साल अब तक 30 प्रतिशत बुआई कम हुई है।
पश्चिमी राजस्थान में तापमान का ग्राफ बढ़त की ओर रहा। श्रीगंगानगर में प्रदेश का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जैसलमेर में 39.8 डिग्री, फलोदी में 39.8 डिग्री और बीकानेर में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। चूरू में बारिश के बाद भी पारा 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के लिए अलग-अलग पूर्वानुमान जारी किया है। इसके तहत पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभागों में 16 जुलाई तक कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। बीकानेर संभाग में भी बारिश हो सकती है। इसके अलावा सिरोही, उदयपुर, झालावाड़ और बारां जिलों में बारिश हो सकती है। यात्राकी गाइड और यात्रा की जानकारी



















