बीकानेर, 7 जुलाई। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। मंगलवार को नोखा तहसील की ग्राम पंचायत हिमटसर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में सात किसानों की लंबे समय से लंबित राजस्व संबंधी समस्या का मौके पर ही समाधान कर उन्हें बड़ी राहत प्रदान की गई।
नोखा उपखण्ड अधिकारी श्रीमती निधि उडसरिया ने बताया कि ग्राम पंचायत हिमटसर में खाता संख्या 418 की 21.40 हेक्टेयर कृषि भूमि वर्षों से संयुक्त खाते में दर्ज होने के कारण संबंधित खातेदारों को राजस्व अभिलेखों एवं कृषि कार्यों से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। शिविर के दौरान किसानों ने खाता विभाजन का अनुरोध प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि इस पर राजस्व विभाग ने तत्परता दिखाते हुए पटवारी से तत्काल खाता विभाजन का प्रस्ताव तैयार कराया तथा गिरदावर द्वारा आवश्यक जांच पूरी करवाई गई। इसके उपरांत तहसीलदार श्री चंद्रशेखर टांक ने शिविर स्थल पर ही खाता विभाजन को स्वीकृति प्रदान कर दी। पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में शिविर के दौरान पूर्ण होने से सातों किसानों को अलग-अलग खातों का अधिकार प्राप्त हुआ तथा उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
लाभार्थी किसानों ने मौके पर ही प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का त्वरित समाधान संभव हो पाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित इस जनहितकारी अभियान तथा राजस्व विभाग की संवेदनशील एवं त्वरित कार्यशैली के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायतीराज सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों को त्वरित राहत मिलने के साथ प्रशासन के प्रति विश्वास भी सुदृढ़ हो रहा है।



















