बीकानेर। जेल से रिहा होने के बाद गंभीर रूप से बीमार हुए एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। गंगाशहर पुलिस के अनुसार कायम नगर निवासी नवाब अली ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका भाई रफीक अली पत्नी के भरण-पोषण से जुड़े एक मामले में जेल में बंद था। 29 जून को जेल से रिहा होने के समय उसकी तबीयत काफी खराब थी।
परिजनों ने उसे तत्काल पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चला। 6 जुलाई को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे घर ले जाया गया, लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई। परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गंगाशहर थाना पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



















