बीकानेर। रेंज के आईजी ओमप्रकाश ने सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हो रही अवैध गतिविधियों, हथियारों की तस्करी और नार्को-टेररिज्म पर लगाम लगाने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त बड़े माफियाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ और पिट-एनडीपीएस एक्ट के तहत अधिकतम कार्रवाई कर उनकी संपत्ति फ्रीज करने को कहा है। साथ ही, सक्रिय आपराधिक गैंग्स के नेटवर्क को तोड़ने के लिए उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने (संपत्ति डिमोलिशन) के निर्देश दिए हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए सोमवार को रेंज कार्यालय में बीकानेर रेंज पुलिस, सेना और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की उच्च स्तरीय समन्वय बैठक हुई। इसमें बॉर्डर सिक्योरिटी, क्राइम कंट्रोल और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान (इंटेलिजेंस शेयरिंग) पर गहन विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान पुलिस, बीएसएफ और सेना ने बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों में इस साल ड्रोन ड्रॉपिंग के कुल 17 मामले दर्ज कर 41 अंतरराष्ट्रीय व अंतरराज्यीय तस्करों को सलाखों के पीछे भेजने की खास कामयाबी हासिल की है, जिनसे 67 किलो से अधिक हेरोइन बरामद की जा चुकी है।
बैठक में बीएसएफ के डीआईजी अजय लूथरा, बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा, श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर, हनुमानगढ़ एसपी नरेंद्र सिंह मीणा, चूरू एसपी निश्चय प्रसाद एम, आर्मी इंटेलिजेंस से मेजर राजश्री, बीएसएफ डिप्टी कमांडेंट महेश चंद्र व महेंद्र सिंह सहित रेंज कार्यालय के एएसपी सौरभ तिवाड़ी मौजूद थे।



















