रावतसर क्षेत्र की 46 वर्षीय विधवा महिला ने जिला पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर एक युवक पर शादी का झांसा देकर करीब चार साल तक देह शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। शिकायत में कहा गया है कि शुरुआत में आरोपी ने धमकाकर संबंध बनाए। बाद में शादी का वादा कर शारीरिक संबंध जारी रखे। बाद में शादी से इनकार कर दिया। महिला ने आरोपी के माता-पिता पर भी झूठा आश्वासन देकर मामला दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक आरोपी फिलहाल कुवैत में रह रहा है और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क में है। महिला ने बताया कि उसने 19 जून को रावतसर थाने में शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। 2 जुलाई को एसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई। महिला का दावा है कि 6 जुलाई को आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल और वॉयस मैसेज में आरोपों से जुड़ी बातें स्वीकार कीं, जिसकी रिकॉर्डिंग उसके पास है।



















