बीकानेर। राजस्थान में मानसून सक्रिय हो गया है। जिसके चलते लगातार बारिश का दौर जारी है। बदलते मौसम के बीच पश्चिमी राजस्थान में उमस और गर्मी ने बेहाल कर दिया है। पश्चिमी राजस्थान जुलाई में भी मई-जून की तरह आग उगल रहा है। आज भी 4 जिलों के छोड़कर पूरे प्रदेश में बारिश का ऑरेंज और यलो अलर्ट है। जयपुर में रातभर हुई बरसात से मौसम बदल गया है।
सीकर देर रात एक इंच से ज्यादा पानी बरसा। सवाई माधोपुर सहित कई जिलों में भी बीते 24 घंटे में 2 इंच से ज्यादा पानी बरसा है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की सबसे ज्यादा एक्टिविटी उदयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग में नजर आ रही है। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- बंगाल की खाड़ी में ओडिशा तट पर बना वेलमार्क लो-प्रेशर सिस्टम रविवार को और मजबूत होकर डिप्रेशन में परिवर्तित हो गया है।
इसके आगामी 24 घंटों में उत्तरी ओडिशा और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम व उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढने की संभावना है। प्रदेश में आज सिरोही उदयपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ को छोड़कर सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।



















