बीकानेर। आर्मी कैंट में करंट लगने से 22 वर्षीय अग्निवीर की मौत हो गयी। इस सम्बंध में सदर पुलिस थाने में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश के बस्ती में मुंडेरवा नगर पंचायत क्षेत्र के उमरी अहरा गांव निवासी 22 वर्षीय अग्निवीर जवान नरेंद्र कुमार यादव की नियुक्ति दो साल पहले ही हुई थी। वह आर्मी कैंट में 524 एएससी बटालियन में तैनात था। शनिवार रात को यूनिट में ड्यूटी के दौरान अचानक करंट लगने से उसकी मौत बताई जा रही है।पीबीएम अस्पताल के मुर्दाघर में पोस्टमार्टम के बाद शव उसके पैतृक निवास के लिए रवाना किया गया है। यूनिट के सूबेदार अविजीत मना ने घटना की मर्ग एफआईआर दर्ज कराई है। सेना ने घटना की सूचना शनिवार रात ही मृतक के छोटे भाई के मोबाइल पर दी है। सबसे बड़ा पुत्र होने के कारण नरेंद्र अपने पिता रामरक्षा यादव और घर की सबसे बड़ी उम्मीद थे। वर्ष 2024 में अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। छह माह का कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनकी पहली तैनाती बीकानेर स्थित आर्मी कैंट में हुई थी।



















