बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में डिलीवरी के बाद गंभीर रूप से बीमार हुई प्रसूताओं के मामले में एक और अहम अपडेट सामने आया है। मेडिसिन आईसीयू में भर्ती इमरती देवी को बेहतर उपचार के लिए जोधपुर AIIMS रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, सिजेरियन डिलीवरी के बाद इमरती देवी की किडनी प्रभावित हो गई थी, जिसके बाद उन्हें पीबीएम अस्पताल के मेडिसिन आईसीयू में भर्ती किया गया। उपचार के दौरान उनका क्रिएटिनिन लगातार बढ़ता रहा। शुक्रवार को जोधपुर AIIMS के विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श के बाद उन्हें रेफर करने का निर्णय लिया गया।
वहीं दूसरी ओर कमला की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। वह पिछले कई दिनों से वेंटिलेटर सपोर्ट पर भर्ती हैं और उनकी स्थिति में अभी तक कोई विशेष सुधार नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद कुल छह प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने और किडनी संबंधी गंभीर जटिलताएं सामने आई थीं। इनमें से प्रीति (सूरतगढ़ निवासी) और शारदा नायक (रामपुरा बस्ती, बीकानेर निवासी) की उपचार के दौरान मौत हो चुकी है। वहीं इमरती देवी को अब बेहतर इलाज के लिए जोधपुर AIIMS भेजा गया है, जबकि कमला सहित अन्य मरीजों का उपचार जारी है।
इस पूरे मामले को लेकर पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं और उपचार प्रक्रिया पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। मामले की जांच जारी है और पीड़ित परिवारों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों द्वारा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग लगातार उठाई जा रही है।



















