बीकानेर।शारदीय नवरात्र के पावन पर्व के उपलक्ष्य में मां करणी सेवा समिति, नत्थूसर बास के तत्वावधान में आगामी 17 अक्टूबर 2026 को 2151 देवी स्वरूप कन्याओं का भव्य पूजन एवं विशाल भंडारा प्रसादी का आयोजन श्रद्धा व धूमधाम के साथ किया जाएगा।
यह धार्मिक अनुष्ठान सुबह 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक हनुमान मंदिर भवन (नीम की चौकी के पास, नत्थूसर बास) में संपन्न होगा। कार्यक्रम के दौरान 2151 कन्याओं का विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन कराया जाएगा तथा उपहार-प्रसाद भेंट किया जाएगा।
महोत्सव की व्यापक तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में अध्यक्ष राकेश सांखला, कोषाध्यक्ष रामकुमार सांखला, अभिजीत पंवार, राजकुमार सांखला, विकास भाटी, दिनेश कुमार प्रजापत एवं नवल सांखला सहित समिति के प्रमुख पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
अध्यक्ष राकेश सांखला ने जानकारी देते हुए बताया कि कन्या पूजन के लिए आसपास के मोहल्लों, बस्तियों एवं बालिका विद्यालयों में घर-घर जाकर पीले चावल देकर संपर्क व आमंत्रण दिया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक कन्याएं इस पावन आयोजन में सम्मिलित हो सकें।




















