बीकानेर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीछवाल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 66 ग्राम एमडी (MD) बरामद की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत की गई। थानाधिकारी दिगपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान 66 ग्राम एमडी बरामद कर उसे कब्जे में लिया गया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में हेड कांस्टेबल रवि घुमरिया और भगवानाराम की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई और इससे जुड़े नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एमडी कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




















