नाल थाना क्षेत्र की एक फैक्ट्री में 18 वर्षीय युवक मृत अवस्था में मिला। पुलिस के अनुसार युवक ने लोहे के पाइप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में मौजूद कर्मचारियों में हडक़ंप मच गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 25 सितंबर को दोपहर करीब 2:48 बजे इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज की गई। मृतक की पहचान राजेश निवासी झारखंड के रूप में हुई है। वह वर्तमान में नाल थाना क्षेत्र में नाल बड़ी स्थित फैक्ट्री में रहकर काम करता था।
रिपोर्ट के अनुसार 24 सितंबर को राजेश ने फैक्ट्री परिसर में लोहे के पाइप से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई।
नाल थाना पुलिस ने इस संबंध में मर्ग दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




















