बीकानेर। गजनेर थाना क्षेत्र के शरह किशनायत में डंपर से कुचलकर सूरजड़ा निवासी पूनमराम मेघवाल की मौत हो गई थी। इस मामले में मंगलवार को भी सीएचसी कोलायत की मोर्चरी के बाहर सर्व समाज का धरना जारी रहा। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार के लिए एक करोड़ रुपए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और जमीन देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामले के आरोपी बाबूलाल नायक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार और सर्व समाज के लोगों में गुस्सा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब मामले में जल्द कानूनी कार्रवाई पूरी की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने मामले की सुनवाई विशेष कोर्ट में करवाने और आरोपी को जल्द सजा दिलाने की मांग की है। शोकपरामर्श पाएं
मोर्चरी के बाहर चल रहे धरने में क्षेत्र के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए हैं। धरना स्थल पर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और न्याय की मांग की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने साफ किया कि जब तक परिवार को एक करोड़ रुपए की सहायता, सरकारी नौकरी और जमीन नहीं मिलती, तब तक उनकी मांगें मुख्य रहेंगी।



















