बीकानेर। नोखा कस्बे में राजेन्द्र पेट्रोल पंप के पास रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुख्य सड़क पर चल रही एक बाइक अचानक आग की चपेट में आ गई। बाइक में आग लगते ही चालक ने समय रहते उसे छोड़कर दूर भागकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सड़क पर चल रही थी। इसी दौरान अचानक उसमें आग लग गई और देखते ही देखते बाइक से तेज लपटें उठने लगीं। घटना पेट्रोल पंप से महज करीब 20 मीटर की दूरी पर होने के कारण आसपास मौजूद लोगों में चिंता बढ़ गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही लोगों ने पेट्रोल पंप से अग्निशमन यंत्र लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने भी कार्रवाई करते हुए बाइक को सड़क किनारे करवाया और रास्ता सुचारू कराया।
समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। यदि आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के दौरान मुख्य सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बाइक में आग किस कारण लगी, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। आग लगने के वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।




















