बीकानेर। खुद को बैंक कर्मचारी बताकर एक महिला से ओटीपी हासिल कर उसके क्रेडिट कार्ड से 2 लाख 63 हजार रुपए निकालने का मामला सामने आया है। घटना 26 अगस्त की शाम साले की होली क्षेत्र की है। इस संबंध में साले की होली निवासी मंजू देवी ने नयाशहर पुलिस थाने में आसुसिंह नाम के व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थिया का एक्सिस बैंक की शाखा में खाता है, जिसकी लिमिट पांच लाख रुपए से अधिक है। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट लिमिट बढ़ाने की बात कही।
महिला ने बताया कि आरोपी ने लिमिट बढ़ाने के नाम पर उसके मोबाइल पर आया OTP मांगा। बैंक कर्मचारी समझकर प्रार्थिया ने उसे OTP बता दिया। इसके बाद उसके साथ धोखाधड़ी हो गई और उसके क्रेडिट कार्ड से 2.63 लाख रुपए निकाल लिए गए। रुपए निकलने की जानकारी होने पर जब प्रार्थिया ने आरोपी को फोन किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उसने पुलिस को मामले की जानकारी दी।



















