बीकानेर। नगर निगम चुनाव को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। बीकानेर में 11 सितंबर को प्रस्तावित मतदान की तारीख में बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि 11 सितंबर को शहर में कई मेले आयोजित होने के कारण निर्वाचन विभाग मतदान की तारीख बदलकर 9 सितंबर कर सकता है।
जानकारी के अनुसार, मतदान प्रतिशत बढ़ाने और मतदाताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर निर्वाचन विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। राजस्थान के कई इलाकों में मेलों और अन्य आयोजनों को देखते हुए चुनाव कार्यक्रम में बदलाव किए जाने की चर्चा के बीच बीकानेर में भी मतदान की तारीख बदलने की संभावना सामने आई है।
बीकानेर में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के समय से ही 11 सितंबर की तारीख को लेकर बदलाव की मांग उठ रही थी। इसी को देखते हुए जिला कलेक्टर की ओर से भी निर्वाचन विभाग को चुनाव की तारीख में बदलाव के संबंध में पत्र भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। यात्राकी गाइड और यात्रा की जानकारी
अब 9 सितंबर को मतदान कराने की संभावना को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि अंतिम निर्णय निर्वाचन विभाग की ओर से आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।
यदि मतदान की तारीख 11 सितंबर से बदलकर 9 सितंबर होती है तो प्रत्याशियों को प्रचार और जनसंपर्क के लिए अपेक्षाकृत कम समय मिलेगा। ऐसे में बीकानेर नगर निगम चुनाव का मुकाबला और भी रोमांचक होने की संभावना है।




















