बीकानेर। कच्ची आढ़त व्यापार संघ के आगामी 3 वर्षीय कार्यकाल (2026-29) को लेकर अनाज मंडी में चल रहा चुनावी घमासान अब बेहद दिलचस्प और निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। मंगलवार को नामांकन वापसी की निर्धारित समय सीमा समाप्त होने से ठीक पहले मंडी की सियासत में उस वक्त बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब अध्यक्ष पद के सबसे मजबूत व वरिष्ठ दावेदारों में शुमार पूर्व अध्यक्ष जगदीश पेड़ीवाल ने चुनाव अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होकर अपना नाम वापसी फॉर्म जमा करवा दिया।
मुख्य चुनाव अधिकारी आनंद बजाज, प्रशांत कंसल एवं नंदकिशोर राठी ने नियमों के तहत उनके आवेदन को विधिवत स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से व्यापारी वर्ग के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुनने की की जा रही तमाम कोशिशों पर पूरी तरह विराम लग गया है। पेड़ीवाल के चुनावी रण से हटने के बाद अब मुकाबला पूरी तरह आमने-सामने का हो चुका है। मैदान में डटे दो प्रत्याशियों में जहां एक तरफ जय दयाल डूडी निवर्तमान अध्यक्ष के रूप में अपनी मजबूत पकड़, अनुभव और पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों के दम पर दोबारा ताजपोशी की दावेदारी ठोक रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ श्रवण कुमार नैण एक बिल्कुल नए और अनुभवी चेहरे के रूप में मंडी में बदलाव तथा नई कार्यशैली के संकल्प के साथ चुनावी ताल ठोक रहे हैं।
ऐसे में यह मुकाबला अनुभव बनाम नया चेहरा के रूप में बेहद कड़ा और प्रतिष्ठापूर्ण बन गया है। चुनाव समिति ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि आगामी 31 अगस्त (सोमवार) को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नई अनाज मंडी स्थित संघ के नवनिर्मित भवन में मतदान संपन्न कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया पूर्ण होते ही उसी स्थल पर मतपेटियां खोली जाएंगी और मतगणना के तुरंत बाद विजयी प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।




















