बीकानेर। कचहरी परिसर में एक वकील के साथ मारपीट का मामला सदर पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। भार्गव मोहल्ला निवासी पीड़ित द्वारका प्रसाद चावला की ओर से पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि मंगलवार दोपहर करीब 3:25 बजे जब वह कचहरी परिसर में नोटरी प्याऊ के पास कैंटीन के पास था तो लोहारों का मोहल्ला निवासी आरोपी मालिक तेली ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की जिससे उनकी पसलियों और दाहिने हाथ के अंगूठे में गंभीर चोट आई। आरोपी ने वकील का गला भी दबाया। मौके पर शोर सुनकर अन्य साथी अधिवक्ताओं के पहुंचने पर आरोपी से बीच-बचाव कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।




















