बीकानेर। नगर निकाय चुनावों को लेकर बीकानेर में राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। निगम क्षेत्र के 80 वार्डों में पार्षद पद के टिकट के लिए कांग्रेस और भाजपा में दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दोनों ही दलों के कार्यालयों में इन दिनों कार्यकर्ताओं की भीड़ नजर आ रही है और टिकट के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं।
कांग्रेस कार्यालय में अब तक 700 से अधिक आवेदन कार्यकर्ताओं द्वारा लिए जा चुके हैं, जिनमें से 400 से अधिक आवेदन जमा भी करवाए जा चुके हैं। इस लिहाज से फिलहाल प्रत्येक वार्ड में औसतन पांच से अधिक दावेदार सामने आ चुके हैं। हालांकि आवेदन लेने और जमा करवाने की अंतिम तारीख को लेकर अभी कांग्रेस की ओर से कोई स्पष्ट समय-सीमा तय नहीं की गई है, ऐसे में आने वाले दिनों में दावेदारों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
वहीं भाजपा में भी टिकट की दौड़ कम नजर नहीं आ रही। जानकारी के अनुसार भाजपा कार्यालय से 80 वार्डों के लिए अब तक 600 से अधिक आवेदन फॉर्म कार्यकर्ताओं द्वारा लिए जा चुके हैं। अगले एक-दो दिनों में इनकी संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
दोनों प्रमुख दलों को मिलाकर अब तक करीब 1500 आवेदन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। बड़ी संख्या में सामने आ रहे दावेदारों ने पार्टियों के सामने टिकट वितरण को लेकर चुनौती भी बढ़ा दी है। खास तौर पर पार्टी के सामने यह सवाल रहेगा कि टिकट नहीं मिलने की स्थिति में दावेदारों और उनके समर्थकों को किस तरह साधा जाएगा। हालांकि अभी से बगावत की तस्वीर साफ नहीं है और टिकट वितरण के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
इधर, निकाय चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) भी अपनी सक्रियता बढ़ाने जा रही है। पार्टी के पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल रविवार को बीकानेर जिले के विभिन्न निकाय क्षेत्रों का दौरा करेंगे और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नारायण बेनीवाल सुबह 10:15 बजे नोखा, 11:30 बजे देशनोक, 12:30 बजे नापासर, दोपहर 2 बजे श्रीडूंगरगढ़, शाम 4 बजे लूणकरणसर और शाम 6 बजे बीकानेर पहुंचेंगे। इन सभी स्थानों पर वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ निकाय चुनाव को लेकर चर्चा करेंगे।
बेनीवाल के इस दौरे को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि बैठकों के दौरान आरएलपी बीकानेर जिले के विभिन्न निकाय क्षेत्रों में अपने उम्मीदवारों को लेकर बड़ा ऐलान कर सकती है और संभावित प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लग सकती है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि जिले में किन-किन वार्डों और क्षेत्रों से आरएलपी उम्मीदवार उतारेगी।
ऐसे में बीकानेर के निकाय चुनाव में फिलहाल कांग्रेस और भाजपा में टिकट की दौड़ तेज है, वहीं आरएलपी के सक्रिय होने से चुनावी मुकाबले के और दिलचस्प होने के आसार बन गए हैं। आने वाले दिनों में टिकट वितरण और प्रत्याशियों के ऐलान के साथ चुनावी तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।























