बीकानेर। एक नाबालिग बालिका के साथ कथित रूप से अश्लील हरकत और लैंगिक उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की ओर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए गए परिवाद के आधार पर पुलिस ने आरोपी परिजन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवाद के अनुसार पीड़िता की मां मजदूरी का काम करती है। घटना के दिन वह परिवार के कुछ सदस्यों के साथ काम पर गई हुई थी। इसी दौरान दोपहर में उसकी नाबालिग बेटी किसी जरूरी काम से घर पहुंची, जहां आरोपी ससुर मौजूद था। आरोप है कि आरोपी ने बालिका को अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकत की और अनुचित तरीके से छुआ।
परिवाद में आरोप लगाया गया कि उसी रात बालिका घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी उसके पास पहुंचा और कथित रूप से आपत्तिजनक हरकत करने लगा। बालिका के जागने और रोने पर उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी।
पीड़िता की मां के अनुसार, बालिका ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी उसे कथित रूप से परेशान करता था। आरोप है कि जब बालिका स्नान करने जाती थी, तब आरोपी उसे छिपकर देखता और आपत्तिजनक व्यवहार करता था।
मां का आरोप है कि घटना की जानकारी परिवार के अन्य सदस्य को देने के बाद मामले को दबाने के लिए दबाव बनाया गया। शिकायत करने पर बच्चों सहित घर से निकालने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
परिवादिया ने बताया कि लोक-लाज और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई। इसके अलावा संबंधित थाने में पहले लिखित शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में परिवाद प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने बीएनएस की धारा 74 व 79 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 7 व 8 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस अब लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।























