बीकानेर। व्हाट्सऐप पर आई एक APK फाइल डाउनलोड करना युवक को भारी पड़ गया। फाइल खोलते ही मोबाइल का नियंत्रण अज्ञात व्यक्ति के पास चला गया और कुछ ही समय में बैंक खाते से 1 लाख 47 हजार रुपए निकाल लिए गए।
घटना 17 अगस्त को हदां थाना क्षेत्र की है। खाखुसर निवासी कालूसिंह ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी के अनुसार उसके व्हाट्सऐप ग्रुप में ‘PM किसान लिस्ट’ नाम से एक APK फाइल भेजी गई थी। पीएम किसान योजना से संबंधित समझकर उसने फाइल डाउनलोड कर उसे खोल दिया।
फाइल खोलते ही उसके मोबाइल का एक्सेस अज्ञात व्यक्ति के पास चला गया। इसके बाद आरोपी ने बिना अनुमति उसके बैंक खाते से 1.47 लाख रुपए निकालकर ऑनलाइन ठगी कर ली।
पीड़ित की रिपोर्ट पर हदां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगी के इस मामले में आरोपी की तलाश और लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।























