बीकानेर। राजस्थान में मानसून की रफ्तार अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी है। प्रदेश के पश्चिमी जिलों में बारिश का दौर थमने के साथ गर्मी और उमस बढ़ने लगी है। इसी बीच मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
शनिवार को भरतपुर और धौलपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। कुछ इलाकों में करीब एक इंच तक पानी बरसा। इसके अलावा कोटा, बूंदी, दौसा, अलवर और चित्तौड़गढ़ के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। भरतपुर के बंध बारेठा बांध से भी शनिवार रात से पानी की निकासी शुरू की गई।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कुछ और कमजोर होने की संभावना है। 17 और 18 अगस्त को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि 19 अगस्त से पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ट्रफ वर्तमान में उत्तर भारत में फिरोजपुर, रोहतक, औरैया और सीधी होते हुए लो-प्रेशर सिस्टम के बीच से गुजरकर झारखंड और आगे बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके प्रभाव से राजस्थान में आज से बारिश का दौर थोड़ा और धीमा पड़ने की संभावना है।
रविवार को मौसम विभाग ने अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां और झालावाड़ में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पश्चिमी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कम होने के कारण आने वाले दिनों में तापमान और उमस में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। वहीं पूर्वी राजस्थान में 19 अगस्त से बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है।
























