बीकानेर, 14 अगस्त, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आज बीकानेर दौरे के बीच NSUI ने विरोध का ऐलान किया है। छात्र हितों की मांगों को लेकर बीकानेर कलेक्ट्रेट पर चल रही भूख हड़ताल के दूसरे दिन NSUI ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते विचार नहीं किया गया तो मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सैकड़ों छात्र कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर उन्हें काले झंडे दिखा सकते हैं।
NSUI बीकानेर जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा ने आरोप लगाया कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रशासन और राज्य सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे छात्रों में आक्रोश बढ़ रहा है। NSUI ने आज शाम 5 बजे कलेक्ट्रेट के सामने अधिक से अधिक छात्रों के जुटने और वहां से पैदल मार्च निकालकर मुख्यमंत्री के विरोध का ऐलान किया है।
NSUI का कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। ऐसे में मुख्यमंत्री के बीकानेर दौरे के बीच NSUI कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन और काले झंडे दिखाने की चेतावनी ने प्रशासन के सामने चुनौती बढ़ा दी है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान NSUI कार्यकर्ता किस तरह विरोध दर्ज कराते हैं।
























