बीकानेर। बीछवाल थाना क्षेत्र में करीब 24,039.64 वर्गफीट के आवासीय भूखंड को लेकर धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज और जालसाजी के आरोप में मामला दर्ज हुआ है। परिवादी बुलाकीदास उर्फ आनंद राज पुत्र मघाराम निवासी गंगाशहर ने बताया कि उसका आवासीय भूखंड ग्राम किसमीदेसर में खसरा नंबर 262 और 319 में स्थित है। दस्तावेजों के अनुसार नगर विकास न्यास, बीकानेर द्वारा रूपांतरण शुल्क जमा करवाए जाने के बाद 26 फरवरी 2015 को थॉमस नगर योजना के तहत पट्टा क्रमांक 572 जारी किया गया था।
परिवादी का आरोप है कि भूखंड को लेकर आरोपियों के साथ सौदा तय हुआ था और 10 लाख रुपये अग्रिम देने की बात हुई थी। आरोप है कि बाद में रकम नहीं दी गई और परिवादी के विश्वास का फायदा उठाकर उसकी जगह किसी अन्य व्यक्ति को पेश कर भूखंड से संबंधित फर्जी एवं कूटरचित बैनामा तैयार करवाया गया।
परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर अशोक धारीवाल, शारदा धारीवाल और राहुल धारीवाल सहित गौतम बांविया, दाऊलाल रंगा और किशनलाल सुथार के नाम आरोपी पक्ष में दर्ज हैं। जमीन और दस्तावेजों से जुड़े इस मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।



















