बीकानेर। पूगल थाना क्षेत्र के शिवनगर में इलेक्ट्रिक सामान की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोर बड़ी मात्रा में सामान चोरी कर ले गए। वारदात 6 अगस्त 2026 की रात करीब 1:30 बजे की बताई गई है। चोर पिकअप गाड़ी लेकर दुकान पर पहुंचे और शटर तोड़कर अंदर रखा सामान पिकअप में भरकर फरार हो गए।
परिवादी हरवंश स्वामी निवासी शिवनगर तहसील पूगल ने बताया कि उसके भाई हंसराज पुत्र तिलोकदास ने ग्राम आबादी शिवनगर में नेणा इलेक्ट्रिक वर्क्स’ के नाम से दुकान कर रखी है। 6 अगस्त की रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोर पिकअप गाड़ी लेकर आए और दुकान का शटर तोड़ दिया। चोर दुकान में रखी 10 नई मोटर, 4 अन्य मोटर, चार पुरानी मोटर, करीब 7.5 क्विंटल वाइंडिंग वायर, 1 क्विंटल पीतल, करीब 3 से 4 क्विंटल पुराना कॉपर सहित अन्य कीमती सामान पिकअप में भरकर ले गए। घटना के बाद काफी तलाश करने के बावजूद चोरों और चोरी हुए सामान का पता नहीं चल सका। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच गंगाराम एएसआई, पुलिस थाना पूगल द्वारा की जा रही है।



















