बीकानेर। बीकानेर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरियाणा निर्मित शराब को जब्त किया है। यह कार्रवाई एसपी मुद्दल कच्छावा के निर्देशन में पांचू पुलिस टीम ने की है। पुलिस टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतमाला रोड पर एक गुजरात नंबर की कार से हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब के 15 कार्टून बरामद किए।
पुलिस ने मामले में गुजरात निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, बीकानेर रेंज आईजी के निर्देश पर शनिवार रात जिलेभर में ए श्रेणी की नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गुजरात नंबर की कार को रुकवाकर तलाशी ली। कार से हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब के 15 कार्टून बरामद हुए। शराब की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने शराब और कार को जब्त कर लिया।पुलिस टीम में एएसआई रामनिवास ज्यानी, दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल राणाराम और कांस्टेबल खुशराज मीणा शामिल रहे। पुलिस के अनुसार अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


















