बीकानेर। मुख्यमंत्री के विश्वविद्यालय दौरे को देखते हुए अंसल कॉलोनी में विश्वविद्यालय के पास GVR रोड पर सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है। निर्माण के दौरान सड़क पर ग्रेवल/गिट्टी डाले जाने को लेकर मोहल्लेवासियों ने विरोध जताया है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि पहले से डामर की बनी सड़क के ऊपर ग्रेवल डालकर निर्माण करने से बारिश के दौरान कीचड़, जलभराव और गड्ढों की समस्या बढ़ सकती है। उनका आरोप है कि इस तरह किया जा रहा निर्माण स्थायी समाधान के बजाय अस्थायी व्यवस्था साबित हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि अस्थायी ग्रेवल सड़क के बजाय सड़क का उचित एवं स्थायी डामरीकरण कराया जाए, ताकि आने वाले समय में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस संबंध में अध्यक्ष सुख सिंह राठौड़ एवं उपाध्यक्ष नितीश कुमार ने भी क्षेत्रवासियों की मांग का समर्थन करते हुए उचित और स्थायी सड़क निर्माण की मांग रखी है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए किया जा रहा सड़क निर्माण केवल दिखावे या अस्थायी समाधान तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उनका कहना है कि कॉलोनीवासियों को लंबे समय तक बेहतर और टिकाऊ सड़क की सुविधा मिलनी चाहिए।





















