बीकानेर। घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती और उनके दो पोतों पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज हुआ है। मामला देशनोक थाना क्षेत्र के नृसिंहों का बास का है। नृसिंहों का बास निवासी 73 वर्षीय मनोहरी देवी पत्नी मांगीलाल सुथार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि 3 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे वह अपने पति मांगीलाल सुथार और पोते करण सुथार व कुलदीप सुथार के साथ घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान अमनदान पुत्र अशोकदान, पिनू पुत्र अशोकदान और अशोकदान पुत्र गिरधारीदान चारण कैंपर गाड़ी लेकर जबरन उनके घर में घुस आए।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि तीनों ने पाइप, लाठियों और सरियों से परिवार पर हमला कर दिया। हमले में करण सुथार के दोनों पैर टूट गए, जबकि मांगीलाल सुथार की कमर पर गंभीर चोटें आईं। पैरों पर भी लाठियों से वार किए गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। वहीं कुलदीप सुथार पर कैंपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया गया, जिससे बचने के दौरान उसके हाथों में चोटें आईं।
पीड़िता ने रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद देर रात करीब 2 बजे अमनदान दो-तीन अन्य लोगों के साथ दोबारा घर पहुंचा और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल जितेंद्र को सौंपी गई है।























