बीकानेर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत नाल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 432 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी जा रही है।
यह कार्रवाई रेंज आईजी ओमप्रकाश और बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में, एडीएसपी चक्रवर्ती सिंह एवं सीओ हिमांशु शर्मा के सुपरविजन तथा नाल थानाधिकारी विकास विश्नोई के नेतृत्व में देर रात नाकाबंदी के दौरान की गई।
पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध को रोककर तलाशी ली। जांच में उसके कब्जे से 2 किलो 432 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान विकास बिश्नोई निवासी खारा, फलौदी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक माह में चौथी बड़ी कार्रवाई
नाल थाना पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले एक माह में यह चौथी बड़ी कार्रवाई है। लगातार हो रही कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में सीआई विकास विश्नोई, एएसआई सुभाष, एएसआई मदन, हेड कांस्टेबल जगदीश और कांस्टेबल पवन की अहम भूमिका रही।























