बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के उदरासर गांव में एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खेलते समय बच्चा खौलती सब्जी के बड़े बर्तन में गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक के दादा कानाराम पुत्र सदुराम ने मर्ग रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 2 अगस्त को उनके घर पर एक पारिवारिक कार्यक्रम था, जिसके चलते मेहमानों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था।
इसी दौरान उनका 5 वर्षीय पोता संकेत खेलते-खेलते सब्जी के बड़े बर्तन में गिर गया। हादसे में मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर किया गया। पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।























