बीकानेर। शहर के पूगल रोड स्थित सब्जी मंडी के पास शनि मंदिर के निकट सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह करीब 7:15 बजे राहगीरों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। काफी देर तक कोई हरकत नहीं होने पर इसकी सूचना स्थानीय सामाजिक संस्थाओं और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही ख़िदमतगार ख़ादिम सोसाइटी एवं असहाय सेवा संस्थान की टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस के सुनील और उनकी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस की निगरानी में युवक को पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को पहचान और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।























