बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद थार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, नोरंगदेसर के पास शुक्रवार रात करीब 10 बजे थार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तेजाराम पुत्र रेखाराम (43) निवासी नोरंगदेसर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन घायल तेजाराम को तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद थार चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही नापासर थानाधिकारी कविता पूनिया ने तत्काल एएसआई कविंद्र कुमार को मौके पर भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार और मोटरसाइकिल को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाधिकारी कविता पूनिया ने बताया कि फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने थार को कब्जे में जांच शुरू कर दी है।























