बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव धनेरू में आधी रात को ढाणी में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट, गाली-गलौज, खेत की सींव तोड़ने, जबरन छान बनाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, धनेरू निवासी संतोष पत्नी मघाराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका और संपू देवी का संयुक्त खातेदारी का खेत धनेरू की रोही में स्थित है, जहां दोनों खेती करने के साथ ढाणी बनाकर रहती हैं।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि 23 जून की रात करीब 1 बजे आरोपी देवाराम मेघवाल, उसके बेटे हड़मान, भागूराम, श्रवणराम, सावंताराम, गोपाल, जगमाल पुत्र लूणाराम मेघवाल तथा धन्नाराम ट्रैक्टर में सवार होकर खेत पर पहुंचे। आरोप है कि सभी आरोपी हथियारों से लैस थे और खेत की सींव तोड़ने लगे।
महिलाओं द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जबरन छान बनाने का प्रयास किया। साथ ही खेत छोड़कर भाग जाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर पीड़िता का जेठ मौके पर पहुंचा तो आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने महिला की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई आवड़दान को सौंपी है।























