बीकानेर। सदर थाना क्षेत्र में जमीन बेचने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, नागौर निवासी रणजीतराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उसे जमीन बेचने का झूठा झांसा दिया और योजनाबद्ध तरीके से विश्वास में लेकर उससे लाखों रुपये ले लिए। इसके बाद न तो जमीन का सौदा पूरा किया गया और न ही उसकी रकम लौटाई गई।
पुलिस ने इस मामले में सगुनाराम पुत्र चुनाराम मेघवाल निवासी हरिजन मोहल्ला, बीनादेसर (तहसील रतनगढ़), बागाराम पुत्र खेताराम नायक निवासी 23 केएनडी, 14 बीडी, बीकानेर तथा आइदानाराम पुत्र मजूनाराम निवासी चक 2 एडब्ल्यूएम, आवा (तहसील छत्तरगढ़) को नामजद आरोपी बनाया है। परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई तनेराव सिंह को सौंपी गई है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं।























